
Chetan Gurung
CM पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय को सुशासन की बुनियाद करार देते हुए कहा कि प्रदेश के भविष्य के फैसले यहीं तय होते हैं और लोक कल्याण से जुड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन भी यहीं से होता है। योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में इसके अफसरों-कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है। उनको ये ख्याल रखना होगा कि संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह सुशासन राज्य सरकार का मुख्य ध्येय है। इसको अंजाम देने में कोताही नहीं होनी चाहिए.


सचिवालय संघ के निर्वाचित कार्यकारिणी के सदस्यों को शपथ दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने सचिवालय कर्मचारी कल्याण कोष के गठन के लिए 30 लाख रूपये प्रदान करने तथा सचिवालय में विजिटर रूम की व्यवस्था बनाने की घोषणा इस मौके पर की। मुख्यमंत्री ने Child Care Leave की पूर्ववतः व्यवस्था बनाए रखने की भी बात की।
सचिवालय संघ के अध्यक्ष सुनील लखेड़ा, उपाध्यक्ष जीतमणि पैन्यूली, महासचिव राकेश जोशी एवं कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने अपेक्षा की कि वे प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कोशिश करेंगे.सचिवालय में नई कार्य संस्कृति, नया सौहार्दपूर्ण कार्यव्यवहार आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा।
पुष्कर ने कहा कि राज्य सरकार सचिवालय के कार्मिकों की समस्याओं का निराकरण करने के साथ कर्मचारी हितों में जो भी कार्य होंगे, उन्हें समयबद्ध और सुनियोजित तरीके से पूरा करने का प्रयास करेगी। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्राविधान करने वाले नारी शक्ति वंदन विधेयक के संसद के दोनों सदनों से पारित होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनन्द वर्धन ने भी सचिवालय संघ के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी। संघ के अध्यक्ष सुनील लखेड़ा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया तथा मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 1.82 लाख का चेक भेंट किया।